नजरिया न्यूज़,
भरगामा (अररिया। जीतू दास।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के महथावा बाजार स्थित डाकघर जाने वाली पीसीसी सड़क पूरी तरह जर्जर होकर ध्वस्त हो चुकी है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि जगह-जगह ढलाई टूटने और गड्ढे बन जाने से राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों के लिए यह सड़क जोखिम भरी बन गई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है और लोग चोटिल हो सकते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डाकघर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग डाक संबंधी कार्यों के लिए पहुंचते हैं। इसके बावजूद डाकघर तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति पर किसी का ध्यान नहीं है।
सड़क की जर्जर हालत के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से इस सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अविलंब जीर्णोद्धार कराने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी से निजात मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।






















