संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
एक नवंबर से लापता थी किशोरी, परिजनों ने तीन नवंबर को थाने में दिया था आवेदन; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हत्या समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की मांग
पलासी थाना क्षेत्र के मोहनियां पुल के समीप शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी भरे गड्ढे से पांच दिनों से लापता 16 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका की पहचान मोहनिया गांव निवासी किशोरी के रूप में की गई है। वह अपने माता-पिता की सबसे बड़ी पुत्री थी। किशोरी का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।मिली जानकारी के अनुसार, किशोरी बीते एक नवंबर से लापता थी। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद तीन नवंबर को परिजनों ने पलासी थाना में किशोरी के लापता होने को लेकर लिखित आवेदन दिया था। आवेदन मिलने के बाद पुलिस भी किशोरी की तलाश में जुटी थी। इधर, परिजन लगातार रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन कर रहे थे।मृतका के मामा ने बताया कि दो नवंबर की रात किशोरी पड़ोस में रहने वाले एक रिश्तेदार के घर सोने गई थी। तीन नवंबर को रिश्तेदारों की ओर से उसके गायब होने की जानकारी परिजनों को दी गई। इसके बाद से ही परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे हुए थे। शुक्रवार छह नवंबर को करीब तीन बजे मोहनियां पुल के समीप पानी में शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। वहां किशोरी के कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की गई।घटना की सूचना मिलते ही पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर
पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया। शव बरामद होने की खबर से आसपास के गांवों में भी चर्चा का माहौल बन गया।बताया जाता है कि मृतका अपने माता-पिता की सबसे बड़ी संतान थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हालांकि किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। शव पानी भरे गड्ढे में कैसे पहुंचा और उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है या नहीं, इन सभी पहलुओं पर सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है तथा किशोरी के लापता होने से लेकर शव बरामद होने तक की घटनाओं की कड़ियों को जोड़ने में लगी है।



















