नजरिया न्यूज़, कुआरी (अररिया)। धनतेरस पर्व को लेकर शुक्रवार सुबह कुआरी थाना पुलिस ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुआरी बाजार स्थित सोना-चांदी की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानदारों को सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने का निर्देश दिया गया।
धनतेरस के अवसर पर बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए सोना-चांदी की दुकानों के आसपास पुलिस जवानों की तैनाती की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
वहीं, बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने टेंपो चालकों को व्यवस्थित किया। सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी सिटी टेंपो चालकों को व्यवस्थित तरीके से वाहन परिचालन करने की हिदायत दी गई।
इस दौरान प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, उदय भान एवं स्थानीय चौकीदार मौजूद रहे। पुलिस की ओर से धनतेरस पर्व के दौरान आम लोगों की सुरक्षा, शांतिपूर्ण खरीदारी एवं बाजार में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है।





















