- प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डे ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित, आगामी 12 दिसंबर की लोक अदालत को सफल बनाने पर दिया जोर
नजरिया न्यूज़, (विधि)अररिया। तीसरे राष्ट्रीय लोक अदालत में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं बेहतर कार्य निष्पादन के लिए अररिया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) अमरेन्द्र प्रसाद को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। बुधवार, 4 नवंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के अध्यक्ष गुंजन पाण्डे ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उक्त प्रशस्ति पत्र बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के माननीय न्यायमूर्ति सह कार्यकारी अध्यक्ष एवं सदस्य सचिव की ओर से जारी किया गया था। यह सम्मान 12 सितंबर 2026 को आयोजित तीसरे राष्ट्रीय लोक अदालत में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सराहनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया है। राष्ट्रीय लोक अदालत में मामलों के निष्पादन तथा आम लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए उन्हें यह उपलब्धि हासिल हुई।
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुंजन पाण्डे ने सीजेएम अमरेन्द्र प्रसाद को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को आम लोगों के लिए अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने में लोक अदालत की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके माध्यम से आपसी सहमति के आधार पर लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो पाता है।
कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों से आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र मामलों को चिह्नित कर उनके निष्पादन की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया, ताकि आम लोगों को सुलभ, त्वरित और कम खर्च में न्याय मिल सके।





















