रानीगंज (अररिया)। आगामी धनतेरस, दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रानीगंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (यातायात सह अंचल प्रभाग, रानीगंज) की उपस्थिति में शांति समिति के सदस्य, पूजा समिति के आयोजक एवं स्थानीय गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान सभी पर्वों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह और असामाजिक गतिविधियों पर नजर रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही पूजा आयोजकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि सभी पर्व आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं तथा किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।





















