नजरिया न्यूज़, अररिया। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर बैरगाछी पुलिस ने एनएच-327 ई स्थित बैरगाछी ओवरब्रिज के दक्षिणी लेन पर वाहन जांच के दौरान 4451.4 लीटर विदेशी शराब से लदे डीसीएम ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर को सूचना मिली थी कि नीले रंग के तिरपाल से ढके सफेद डीसीएम ट्रक (BR-01GB-7787) से भारी मात्रा में विदेशी शराब ले जाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। पुलिस को देखकर ट्रक सवार दो युवक भागने लगे, जिन्हें जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के सुवधिया निवासी मो. इरफान (20) और कुड़नी थाना क्षेत्र के रामचन्द्र चौक निवासी रघुबीर (19) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान ट्रक से विभिन्न ब्रांड की 4451.4 लीटर विदेशी शराब और तीन मोबाइल बरामद किए गए।
इस मामले में बैरगाछी थाना कांड संख्या 140/26 दर्ज कर बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस शराब तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है।





















