संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
अररिया जिले के पलासी प्रखंड स्थित बिजली कार्यालय परिसर में चहारदीवारी निर्माण कार्य में अनियमितता बरते जाने का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।मिली जानकारी के अनुसार, चहारदीवारी निर्माण में पुराने ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, दीवार की मजबूती के लिए नीचे डाली जा रही नींव और बीम भी काफी कमजोर दिखाई दे रही है। हैरानी की बात यह है कि निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित कोई सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इससे लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि निर्माण कार्य किस योजना के तहत कराया जा रहा है, इसकी कुल प्राक्कलित राशि कितनी है और कार्य पूरा करने की समय-सीमा क्या निर्धारित की गई है।इस संबंध में जब संबंधित व्यक्ति से सवाल किया गया तो उन्होंने बताया कि मिस्त्री को कह दिया गया है कि जब वे मौके पर रहेंगे, तभी काम होगा, अन्यथा काम नहीं होगा।बिना सूचना बोर्ड के निर्माण कार्य कराए जाने और पुराने ईंटों के इस्तेमाल से कार्य की पारदर्शिता एवं गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग के वरीय अधिकारियों से निर्माण कार्य की जांच कराने, योजना की राशि सार्वजनिक करने तथा गुणवत्ता के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराने की मांग की है।





















