संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया
पलासी प्रखंड सभागार में गुरुवार को जीरो डोज टीकाकरण उन्मूलन को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता बीडीओ कुमार अनिकेत ने की। इसका आयोजन स्वच्छता, आईसीडीएस एवं पीआरआई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।कार्यशाला में पलासी प्रखंड की दिघली, कुजरी, मियांपुर, पकड़ी, भीखा, बरदबट्टा, सुखसेना, पेचेली एवं रामनगर पंचायतों में शत-प्रतिशत नियमित टीकाकरण सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बताया गया कि इन पंचायतों में आज भी काफी संख्या में बच्चे नियमित टीकाकरण से वंचित हैं। इसके पीछे जागरूकता की कमी एवं संबंधित
विभागों के बीच समुचित समन्वय का अभाव प्रमुख कारण माना गया।इस स्थिति पर बीडीओ कुमार अनिकेत ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जिन पंचायतों एवं वार्डों में अधिक बच्चे टीकाकरण से छूटे हुए हैं, वहां विशेष अभियान चलाया जाए। इसके लिए संबंधित पंचायतों के मुखिया, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, एएनएम एवं जीविका दीदियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।वहीं, गावी की प्रखंड समन्वयक अमिता सिन्हा ने कहा कि नियमित टीकाकरण के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच तथा बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के वजन की जांच भी नियमित रूप से होनी चाहिए। उन्होंने इन सेवाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जहांगीर आलम, बीएचएम मो. खतीब आलम, गावी के जिला समन्वयक विजय विक्रम, मुखिया समद अली, मुखिया प्रतिनिधि सोहराब आलम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।





















