– SSB फुलकाहा की विशेष गश्ती टीम ने सीमा स्तंभ 187 के पास की कार्रवाई, शराब के साथ हीरो स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल जब्त; गिरफ्तार युवक सुपौल जिले का निवासी
नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज/अररिया। नरपतगंज के फुलकाहा थाना अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 56वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), बथनाहा की आई समवाय फुलकाहा टीम को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार की सुबह विशेष गश्ती के दौरान जवानों ने नेपाल से भारत लाई जा रही 84 लीटर नेपाली शराब के साथ एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार किया। मौके से शराब के अलावा एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 नवंबर 2026 सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे आसूचना के आधार पर SSB की तीन सदस्यीय विशेष गश्ती टीम सीमा क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 187 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र में एक युवक मोटरसाइकिल पर दो बोरे बांधकर नेपाल की ओर से आता दिखाई दिया। संदेह होने पर जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान दोनों बोरों से नेपाली शराब की 300 एमएल वाली 280 बोतलें बरामद हुईं, जिसकी कुल मात्रा 84 लीटर बताई गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल कुमार (24 वर्ष), पिता जेनी मंडल, निवासी छातापुर चकला, थाना छातापुर, जिला सुपौल के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने नेपाल के पालटोला स्थित शराब दुकान से शराब लाकर भारतीय क्षेत्र के भंगही में एक अज्ञात व्यक्ति तक पहुंचाने की बात बताई।
SSB जवानों ने शराब के साथ हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर BR38AQ3369) और वीवो मोबाइल फोन जब्त कर लिया। फुलकाहा बीओपी प्रभारी एस आई अतानु ढुलाई ने बताया कि गिरफ्तार युवक को जब्त सामग्री के साथ अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, अररिया को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
इस कार्रवाई से भारत-नेपाल सीमा पर शराब तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। SSB ने सीमा क्षेत्र में तस्करी एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और गश्ती तेज कर दी है।






















