नजरिया न्यूज, अररिया। मंटू राय।अररिया जिले के भरगामा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-08 स्थित मुस्लिम टोला में शुक्रवार देर शाम हुए भीषण विस्फोट मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। रविवार देर शाम एसपी जितेंद्र कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि घर में अवैध रूप से पटाखा निर्माण के दौरान विस्फोट हुआ था। हादसे में दो महिलाओं और करीब एक माह के एक बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है। मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे घर के अंदर पटाखा बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास के इलाके में इसकी आवाज सुनाई दी।घटना की सूचना मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड, एफएसएल और इंटेलिजेंस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से विस्फोटक के अवशेष, रेसिड्यू और अन्य नमूने जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक मलबे से मानव शरीर के अंगों के टुकड़े मिलने के बाद जनहानि की पुष्टि हुई।पुलिस ने जब्त सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच के बाद यह पता चल सकेगा कि पटाखा निर्माण में किस प्रकार के बारूद और अन्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था।
घटना के बाद एसआईटी गठित कर अररिया, सुपौल और मधेपुरा के विभिन्न अस्पतालों एवं संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस को नरपतगंज में दो लोगों के घायल अवस्था में छिपे होने की सूचना मिली।
पुलिस ने दोनों को बरामद कर अपनी अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया।एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान घायलों से घटना के समय घर में मौजूद लोगों और अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।पुलिस के अनुसार घटना के समय घर में मो. अख्तर की पत्नी शहनाज, करीब एक माह का बच्चा और दूसरी महिला रुकसाना मौजूद थीं। पुलिस का कहना है कि विस्फोट में तीनों की मौत हुई।मामले में सुपौल जिले के छातापुर निवासी मो. इसराफिल और उसकी पत्नी सजीरा खातून को नरपतगंज से हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार सजीरा अपनी बुआ के घर भरगामा में रहकर कथित तौर पर पटाखा निर्माण के काम से जुड़ी थी। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों की संलिप्तता सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस अब अवैध पटाखा निर्माण से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा कि जिले में अवैध पटाखा निर्माण और कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।













