नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिला पुलिस बल के 75 सहायक अवर निरीक्षकों (एएसआई) को बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से अवर निरीक्षक (एसआई) के पद पर प्रोन्नति दी गई है। इस अवसर पर गुरुवार को समाहरणालय स्थित परमान सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने सभी नवप्रोन्नत एसआई को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति के साथ पुलिस पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ती हैं। एसपी ने नवप्रोन्नत पदाधिकारियों को नए पद के दायित्व, कार्यप्रणाली और पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आम लोगों की शिकायतों का संवेदनशीलता से समाधान करने तथा पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से यह पदोन्नति जिला पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ाने और बेहतर पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
समारोह में सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, साइबर डीएसपी रघुनाथ सिंह, डीएसपी रक्षित सुधीर कुमार, रानीगंज सर्किल इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह, अररिया सर्किल इंस्पेक्टर दिनेश सिंह, महिला थानाध्यक्ष कुमारी अंचला, रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।









