मिंटू राय नज़रिया न्यूज़ फारबिसगंज/अररिया।
फारबिसगंज/अररिया। सिमराहा थाना क्षेत्र स्थित मीट/मांस फैक्ट्री के संचालन के विरोध में 28 सितंबर से प्रस्तावित अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अनुमंडल पदाधिकारी, फारबिसगंज ने 26 सितंबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।एसडीओ कार्यालय से जारी पत्र में कहा गया है कि ग्रामीणों की ओर से 28 सितंबर से शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन की अनुमति के लिए आवेदन दिया गया था। इस मामले में सिमराहा थानाध्यक्ष से प्राप्त जांच प्रतिवेदन और पूर्व के प्रशासनिक अभिलेखों के आधार पर विधि-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई गई है।प्रशासन के पत्र के अनुसार, वर्ष 2015 में भी उक्त मीट फैक्ट्री के विरोध को लेकर विधि-व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसके संबंध में सिमराहा थाना कांड संख्या 370/2015 एवं 373/2015 दर्ज किए गए थे। वर्तमान में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से आसपास के क्षेत्र में लोक-शांति भंग होने तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था के प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न होने की संभावना का हवाला दिया गया है।इसी आधार पर प्रशासन ने 28 सितंबर से प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं देने का निर्णय लिया है।
पत्र में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि संबंधित आवेदक अथवा उनके समर्थकों द्वारा 28 सितंबर या उसके बाद किसी भी तारीख को बिना प्रशासनिक अनुमति के धरना-प्रदर्शन, जुलूस अथवा अनधिकृत जमावड़ा नहीं किया जाए।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन आयोजित करने या विधि-व्यवस्था के प्रतिकूल कोई गतिविधि करने पर संबंधित आयोजकों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह आदेश एसडीओ फारबिसगंज द्वारा जारी किया गया है और इसकी प्रतिलिपि सिमराहा थानाध्यक्ष, फारबिसगंज एसडीपीओ, अररिया एसपी तथा अररिया डीएम को भी सूचना एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गई है।













