नजरिया न्यूज़, भरगामा/अररिया। जीतू दास। भरगामा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-08 में तेज आवाज की सूचना पर पुलिस ने जांच के दौरान एक घर के कमरे को क्षतिग्रस्त पाया। पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की शाम सूचना मिलने पर भरगामा थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की। क्षतिग्रस्त मकान पैगंबर नूर मोहम्मद, निवासी भरगामा वार्ड संख्या-08 का बताया गया है।
घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त कमरे में पटाखे की लड़ी बरामद हुई। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि यहां अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था और इसी क्रम में विस्फोट हुआ। घटना के बाद घर के सदस्य तथा आसपास के लोग मौके से चले गए थे। पुलिस ने बताया कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोगों के घायल होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
घटनास्थल की जांच पुलिस अधीक्षक अररिया, फारबिसगंज एसडीपीओ तथा अंचल पुलिस निरीक्षक अररिया द्वारा भी की गई। विस्तृत जांच के लिए एफएसएल एवं बम निरोधक दस्ता की टीम को सूचित किया गया है। पुलिस ने मामले में अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










