संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत देहती उत्तर पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत रविवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। पंचायत के हाई स्कूल मलद्वार परिसर में आयोजित ग्राम सभा की शुरुआत दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ।ग्राम सभा की अध्यक्षता मुखिया राम कृपाल विश्वास ने की। इस दौरान आवास प्लस 2024 के तहत सर्वेक्षित परिवारों की सिस्टम से तैयार प्रारंभिक प्रतीक्षा सूची को सार्वजनिक किया गया। सूची को पढ़कर सुनाने के साथ ही ग्रामीणों के समक्ष पात्रता और अपात्रता को लेकर चर्चा की गई। ग्रामीणों से सूची के संबंध में सुझाव और आपत्तियां भी मांगी गईं।ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सूची का अवलोकन किया और आवश्यक सुझाव दिए। इस दौरान आवास
योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंद परिवारों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया गया।मुखिया राम कृपाल विश्वास ने कहा कि सरकार के निर्देश के अनुसार ग्राम सभा के माध्यम से आवास प्लस 2024 की प्रारंभिक सूची पर ग्रामीणों की राय ली जा रही है, ताकि पात्र लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके।मंच का संचालन अरुण कुमार झा ने किया। मौके पर आवास सहायक पवन कुमार, कार्यपालक सहायक राधा देवी, विकास मित्र कविता देवी, पंचायत समिति सदस्य अरुण विश्वास, समाजसेवी पंकज कुमार भारती समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।













