नजरिया न्यूज़, अररिया। विनीत रुबी।
पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यवहार न्यायालय, अररिया परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, अररिया के निर्देशानुसार आयोजित किया जा रहा है।
यह जानकारी जिला जज गुंजन पाण्डेय के हवाले से एसीजेएम सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने पत्रकारों को प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन अपराह्न 4:35 बजे व्यवहार न्यायालय, अररिया के प्रांगण में किया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाने के लिए प्रेरित करना है। न्यायालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे, जिससे परिसर की हरियाली बढ़ेगी और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में योगदान मिलेगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला जाएगा तथा लोगों को पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का संदेश दिया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने सभी सम्मानित मीडिया प्रतिनिधियों से कार्यक्रम में उपस्थित होकर इसे व्यापक जनसमुदाय तक पहुंचाने का अनुरोध किया है। अधिकारियों का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सामूहिक प्रयास ही बेहतर और सुरक्षित भविष्य का आधार बन सकते हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम समाज में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वृक्षारोपण के माध्यम से लोगों को प्रकृति के संरक्षण एवं संतुलित पर्यावरण बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा।





















