नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से आमजन, खासकर राहगीरों, रिक्शा चालकों, दिहाड़ी मजदूरों और बाजार आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लगाए गए निःशुल्क पेयजल स्टॉल लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उन्हें तपती धूप में कुछ राहत मिल रही है।
नगर परिषद की इस पहल की आम नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के इस दौर में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था करना एक सराहनीय कदम है। इससे राहगीरों को प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता और उन्हें तत्काल राहत मिल जाती है।
हालांकि गुरुवार को शहर के व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल चांदनी चौक स्थित निःशुल्क पेयजल स्टॉल पर पानी उपलब्ध नहीं होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच कई राहगीर प्यासे ही आगे बढ़ने को मजबूर हुए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक छोटा बच्चा भी पानी की तलाश में स्टॉल तक पहुंचा, लेकिन वहां पर्याप्त पानी नहीं मिलने से उसे निराश होना पड़ा। इस घटना ने पेयजल स्टॉलों की नियमित निगरानी और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर परिषद केवल पेयजल स्टॉल स्थापित करने तक सीमित न रहे, बल्कि उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित करे। लोगों का कहना है कि प्रत्येक स्टॉल पर जिम्मेदार कर्मियों की तैनाती होनी चाहिए, ताकि पानी समाप्त होने की स्थिति में तुरंत आपूर्ति बहाल की जा सके। साथ ही समय-समय पर स्टॉलों की जांच भी की जानी चाहिए।
नगर परिषद की यह जनहितकारी पहल निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन इसकी सफलता तभी मानी जाएगी जब सभी पेयजल स्टॉलों पर लगातार पानी उपलब्ध रहे और आम लोगों को बिना किसी परेशानी के इसका लाभ मिलता रहे।






















