नजरिया न्यूज़, संजय कुमार संवाददाता पलासी अररिया ।
पलासी प्रखंड अंतर्गत कनखूदिया पंचायत के गंगझाली सुरकिया धार के समीप बांस की झाड़ी के पिछे में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह कुछ ग्रामीणों ने बांस की झाड़ी के बीच एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस शव की पहचान कराने तथा मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।






















