नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
अररिया, 03 जून 2026। जिले में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं, अवैध पार्किंग और सड़क किनारे संचालित अनधिकृत गतिविधियों पर अंकुश लगाने को लेकर जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर जारी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी एवं व्यावसायिक वाहनों की अवैध पार्किंग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए संबंधित विभागों को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ट्रकों एवं अन्य बड़े वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित ट्रक ले-बाय, पार्किंग बे और वे-साइड अमेनिटीज क्षेत्रों में ही सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध नियमित जांच और कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे संचालित अवैध ढाबों, अस्थायी प्रतिष्ठानों और अतिक्रमणों को हटाने के लिए प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में विशेष रूप से आईसीपी जोगबनी जाने वाले मार्ग का मुद्दा उठाया गया, जहां सड़क किनारे बड़ी संख्या में ट्रकों के खड़े रहने से यातायात बाधित होने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इस संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सड़क सुरक्षा को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां दुर्घटना रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने का भी निर्णय लिया गया। सभी अंचलाधिकारियों और संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण कर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कर दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
बैठक में अपर समाहर्ता, परियोजना निदेशक एनएचएआई जोकीहाट, सहायक आयुक्त सीमा शुल्क जोगबनी, अनुमंडल पदाधिकारी अररिया एवं फारबिसगंज, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न अंचलाधिकारी उपस्थित थे।






















