नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
अररिया जिले के नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में 1 जुलाई 2026 से स्नातक स्तर की कक्षाओं का संचालन शुरू करने की दिशा में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा जोकीहाट, सिकटी, पलासी, नरपतगंज और भरगामा के राजकीय डिग्री महाविद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी महाविद्यालयों में समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसरों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि शिक्षण कार्य के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हों। इसके तहत बेंच-डेस्क, बिजली, पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
छात्राओं की सुविधा को देखते हुए सभी महाविद्यालयों में बालिका कॉमन रूम की व्यवस्था करने तथा आवश्यक सामग्री की खरीद एवं मरम्मत कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि बीएसईआईडीसी के अभियंता सभी कॉलेजों का निरीक्षण कर 8 जून तक आवश्यकता आकलन रिपोर्ट तैयार करेंगे।
रिपोर्ट के आधार पर बिहार वित्तीय नियमों के अनुरूप ई-प्रोक्योरमेंट, शॉर्ट टेंडर अथवा जीईएम पोर्टल के माध्यम से खरीद प्रक्रिया शुरू की जाएगी। 15 जून तक निविदा संबंधी आवश्यक आदेश जारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी को इस कार्य का नोडल पदाधिकारी बनाया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को क्रय समिति का गठन कर सामग्री खरीद प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने को कहा, ताकि जुलाई 2026 से जिले के नवस्थापित राजकीय महाविद्यालयों में स्नातक कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।






















