नजरिया न्यूज़, अररिया। कुमार श्रीवास्तव।
अररिया नगर थाना क्षेत्र में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गोढ़ी चौक से चन्द्रा चौक जाने वाली नहर रोड के पास एक बस से 708.7 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले का खुलासा बुधवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) ने प्रेस वार्ता आयोजित कर किया।
एसडीपीओ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बस को रोका। बस में सवार दो संदिग्ध युवकों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 708.7 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। साथ ही दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सरोजा वार्ड संख्या-09 निवासी रंधीर कुमार (27) तथा बिहरा थाना क्षेत्र के नंदलाली निवासी गुड्डू कुमार (26) के रूप में हुई है। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर नगर थाना लाया गया, जहां उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में अररिया थाना कांड संख्या 294/2026 दिनांक 2 जून 2026 के तहत धारा 8(सी)/21(सी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। बरामद स्मैक की मात्रा को देखते हुए यह एक गंभीर मामला है और इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क की पहचान के लिए गहन जांच की जा रही है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में से गुड्डू कुमार का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में बिहरा थाना में मारपीट एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा वर्ष 2022 में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी। मामले में बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस सफल कार्रवाई में नगर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार, जितेन्द्र प्रसाद, राम लखन चौधरी, एसटीएफ टीम तथा थाना रिजर्व गार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसडीपीओ ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






















