नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश।
अररिया कॉलेज स्टेडियम में शुक्रवार को खेल और जोश का अनोखा संगम देखने को मिला, जहाँ जिले के सभी प्रखंडों से आए चयनित बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री अनिल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर और रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। इस दौरान पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
डीएम अनिल कुमार ने 100 मीटर दौड़ प्रतियोगिता की हरी झंडी दिखाकर खेलों की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन और ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही उन्होंने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर लोगों से निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।
स्टेडियम परिसर में बनाया गया “सेल्फी विद वोट” प्वाइंट आकर्षण का केंद्र बना, जहाँ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मतदान को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से तस्वीरें खिंचवाईं।
लोकप्रिय गायक अमर आनंद और गायिका प्रिया राज ने अपने जागरूकता गीतों के माध्यम से मतदान का संदेश दिया और माहौल को जीवंत बना दिया।
डीएम ने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में लोकतंत्र के प्रति जागरूकता भी फैलाते हैं।
इस आयोजन ने खेल भावना के साथ-साथ मतदान के महत्व का सशक्त संदेश दिया।























