- तीन साल के मासूम के पेट और मां के घुटने में लगी गोली, भूमि विवाद की आशंका
नजरिया न्यूज़, जोकीहाट (अररिया)। जोकीहाट थाना क्षेत्र के हरदार पंचायत अंतर्गत नौआ ननकार गांव में सोमवार शाम गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। बदमाशों ने रजाबुल के दरवाजे पर गोलीबारी कर एक महिला और उसके तीन वर्षीय बेटे को घायल कर दिया। गोली लगने से मासूम के पेट और उसकी मां के घुटने में जख्म आया है। घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए।
घायलों की पहचान खुशनब खातून, पति जुम्मन और उनके तीन वर्षीय पुत्र अब्दुल कादिर के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल जोकीहाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, मां और बेटे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
भूमि विवाद में गोलीबारी की आशंका
घटना के पीछे भूमि विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, गोलीबारी किसने और किन परिस्थितियों में की, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, अचानक हुई गोलीबारी से गांव में दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोलीबारी में कौन-कौन शामिल था और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है।
फिलहाल घायलों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और आरोपितों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




















