संजय ठाकुर, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी प्रखंड अंतर्गत कनखुदिया पंचायत के पंचायत सरकार भवन में बुधवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। सुबह से ही पंचायत सरकार भवन परिसर में लोगों की भीड़ जुटने लगी।शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी बीडीओ कुमार अनिकेत ने की।
मौके पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, पीओ अख्तर आलम, बीपीओ शब्बीर आलम, एमओ कुमुद सिंह, बीएओ अनुराग विश्वास, डॉ. जहांगीर आलम, विकास कुमार, पंचायत के मुखिया राम प्रसाद चौधरी, उप मुखिया राजेश कुमार मंडल, सरपंच वीरेंद्र शाह सहित समाजसेवी पंकज विश्वास, लक्ष्मी प्रसाद ठाकुर, धर्मानंद यादव, बुधनारायण ठाकुर, मुन्ना चौधरी, तबरेज आलम तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना तथा आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे। ग्रामीणों ने संबंधित काउंटरों पर पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं और आवेदन जमा किए।शिविर को लेकर पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था। इसके कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे। अधिकारियों एवं कर्मियों ने बारी-बारी से लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों की जांच कर नियमानुसार समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही समयबद्ध तरीके से समाधान करना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड एवं अंचल कार्यालयों का बार-बार चक्कर नहीं लगाना पड़े।वहीं, बीडीओ कुमार अनिकेत ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और उनका लाभ उठाने के साथ-साथ भविष्य में आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
शिविर के दौरान कई मामलों में मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की गई, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों के पास अग्रेतर कार्रवाई के लिए भेजा गया। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों की मौजूदगी से ग्रामीणों को काफी सहूलियत मिली।शिविर के सफल संचालन में डॉ. जहांगीर आलम, आवास सहायक अजीत कुमार रवि, निधि कुमारी तथा स्वच्छता पर्यवेक्षक लक्ष्मी देवी ने सहयोग किया।ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर आयोजित होने से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन देने में आसानी होती है। इससे आम लोगों का समय बचने के साथ सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच भी आसान हो रही है।




















