नजरिया न्यूज़, अररिया। विकाश प्रकाश। कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर अररिया में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को पूर्व सांसद सरफराज आलम के आवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया कि 20 हजार वोट एकजुट हो जाएं, तो भाजपा के 20 साल पुराने राजनीतिक किले को ढहाया जा सकता है। बैठक की अध्यक्षता सरफराज आलम ने की। मौके पर जन सुराज के एमएलसी प्रत्याशी रजनीश रंजन सिंह सहित पार्टी समर्थक मौजूद रहे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में करीब 1.36 लाख मतदाता हैं, जबकि अररिया में 9 से 10 हजार मतदाता पंजीकृत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यह चुनाव सीमित दायरे में होता था, लेकिन इस बार आम मतदाताओं की भागीदारी से मुकाबला बदल सकता है।
उन्होंने कोशी-सीमांचल क्षेत्र से प्रतिनिधित्व की कमी का मुद्दा उठाते हुए रजनीश रंजन सिंह को समर्थन देने की अपील की। साथ ही मतदाताओं से अपने दोनों मतों का इस्तेमाल करने और गांव-पंचायत के अन्य मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।
प्रेस कांफ्रेंस के बाद प्रशांत किशोर, सरफराज आलम और रजनीश रंजन सिंह महादेव चौक स्थित एक होटल पहुंचे, जहां शिक्षक मतदाताओं को संबोधित किया गया और उनके लिए महाभोज की व्यवस्था की गई थी।




















