संजय ठाकुर, संवाददाता पलासी अररिया
पलासी-मदनपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप पुलिस व कृषि विभाग की संयुक्त कार्रवाई पलासी थाना पुलिस और प्रखंड कृषि पदाधिकारी बीएओ की संयुक्त टीम ने शनिवार, 17 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पलासी-मदनपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप एक तीन पहिया जुगाड़ गाड़ी से 90 बोरी यूरिया खाद जब्त की। इस मामले में जुगाड़ गाड़ी के चालक मोकिम आलम, निवासी चकन्द्रा वार्ड संख्या 05, कोचाधामन को गिरफ्तार किया गया है।मामले में बीएओ अनुराग विश्वास के लिखित आवेदन पर पलासी थाना में चालक के खिलाफ नामजद
प्राथमिकी दर्ज की गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बीएओ को 17 अक्टूबर की सुबह गुप्त सूचना मिली थी कि यूरिया खाद से लदी एक जुगाड़ गाड़ी पलासी बाजार की मुख्य सड़क से होते हुए मदनपुर की ओर जा रही है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने पलासी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी।इसके बाद पुलिस और कृषि विभाग की टीम ने पलासी-मदनपुर मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप जुगाड़ गाड़ी को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान गाड़ी से मैट्रिक्स कंपनी की 65 बोरी और इफको कंपनी की 25 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। चालक से खाद से संबंधित वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया।इसके बाद टीम ने खाद सहित जुगाड़ गाड़ी को जब्त कर
लिया और चालक को गिरफ्तार कर थाना ले आई। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि बीएओ के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार चालक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
















