नजरिया न्यूज़, सिकटी (अररिया)।
सिकटी प्रखंड के बरदाहा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात अपराधियों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। यह घटना बरदाहा ढट्ठा चौक के निकट की है, जहां बरदाहा निवासी करीब 50 वर्षीय सुरेश शर्मा को निशाना बनाकर गोली चलाई गई। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। वहीं, बरदाहा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को अररिया सदर अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज चल रहा है। बरदाहा थाना के अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण पासवान ने बताया कि सुरेश शर्मा के कंधे के नीचे गोली लगी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पर एसडीपीओ सुशील कुमार स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।
फिलहाल गोलीकांड के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, साथ ही स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद बरदाहा क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।























