पुलिस को बड़ी सफलता, शूटआउट केस का आरोपी जोगबनी से गिरफ्तार।
नजरिया न्यूज़, अररिया। रंजन राज।
अररिया जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 23 वर्ष से फरार कुख्यात अपराधी मोहम्मद वजीदुद्दीन उर्फ ओझवा, जो शूटआउट केस का मुख्य आरोपी है, को पुलिस ने जोगबनी के टिकुलिया बस्ती से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार ओझवा कुर्साकांटा थाना क्षेत्र के डोहुवाबाडी़ वार्ड संख्या 12 का निवासी है। वह साल 2009 में चौकीदार किशन देव पासवान पर गोली चलाने वाले शूटआउट मामले का आरोपी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तारी से पहले ओझवा नेपाल में छिपकर रह रहा था और वहीं से अपनी गतिविधियाँ संचालित कर रहा था।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, एसटीएफ, जोगबनी थाना पुलिस और कुर्साकांटा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। ओझवा पर कांड संख्या 236/22 सहित कई संगीन मामलों में नामजद अभियुक्त होने के साथ-साथ वह कई कांडों का वारंटी भी है।
थाना अध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में आरोपी को जोगबनी के टिकुलिया बस्ती से पकड़ा गया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।























