फारबिसगंज नगर में जन सुराज पार्टी कार्यकर्ता एवं खुद को संभावित प्रत्याशी बताने वाले मोहन आनंद झा उर्फ मोहन झा को पुलिस ने महिला से दुर्व्यवहार और मारपीट के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मटियारी वार्ड संख्या-3 निवासी पीड़िता रूबी देवी ने थाने में आवेदन देकर बताया कि आरोपी उनके घर में किराएदार के रूप में रहता था और आए दिन शराब पीकर हंगामा करता था। बीती रात स्थिति तब बिगड़ गई जब आरोपी ने गैस सिलेंडर खोलकर घर में आग लगाने की धमकी दी। विरोध करने पर रूबी देवी के साथ गाली-गलौज कर उनकी साड़ी फाड़ दी और शारीरिक दुर्व्यवहार किया।
पीड़िता के अनुसार, जब उनके पति अनिल कुमार मंडल और बेटे रवि सुमन ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो आरोपी ने दोनों को लाठी-डंडे से मारपीट कर घायल कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी गाली-गलौज की गई और ईंट-पत्थर फेंककर गोली मारने की धमकी दी गई।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि महिला के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
इधर, घटना से आक्रोशित पीड़िता के पति अनिल कुमार मंडल और बेटे रवि सुमन ने प्रेस वार्ता कर पूरी घटना की जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी पर कड़ी कार्रवाई करने और इलाके की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि आरोपी लंबे समय से विवादित व्यवहार करता था और मोहल्ले में तनाव का माहौल बना देता था। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।
इस घटना के बाद से पूरे इलाके में जन सुराज कार्यकर्ता की गिरफ्तारी चर्चा का विषय बनी हुई है।























