अररिया के शिवपुरी वार्ड संख्या 9 स्थित दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के आश्रम परिसर में 21 सितंबर को दोपहर 11 बजे से 1 बजे तक विशेष महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गुरुदेव श्री आशुतोष महाराज जी के निर्देशन में संचालित संतुलन प्रकल्प के अंतर्गत रखा गया है। कार्यक्रम की थीम होगी – “भर हुंकार महिष मर्दिनी सी”, जिसका मुख्य उद्देश्य है – महिलाओं को आत्मिक जागरण के लिए प्रेरित करना।
ब्रह्मज्ञान से आत्मशक्ति का जागरण
संस्थान के अनुसार यह आत्मिक जागरण केवल ब्रह्मज्ञान के द्वारा संभव है। दिव्य गुरु श्री आशुतोष महाराज जी का मानना है कि वैदिक और पौराणिक काल की नारियों ने इसी ज्ञान को प्राप्त कर समाज में अपना सम्मानित और सुरक्षित स्थान बनाया। आज भी स्त्रियों को ध्यान साधना और ब्रह्मज्ञान द्वारा अपने भीतर विद्यमान मां दुर्गा की शक्ति को पहचानना होगा। तभी वे जीवन की हर चुनौती का सामना मां सीता, द्रौपदी और झांसी की रानी की भांति साहस और विवेक से कर पाएंगी।
मुख्य आकर्षण
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए कई विशेष प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें –
-
नृत्य नाटिकाएं
-
क्वीज़ प्रतियोगिता
-
नवरात्र पर्व के आध्यात्मिक रहस्य
-
भारतीय इतिहास से महिला सशक्तिकरण के प्रेरणादायी दृष्टांत
ये प्रस्तुतियां न केवल मनोरंजन करेंगी, बल्कि महिला जागरूकता और आत्मबल बढ़ाने में भी सहायक होंगी।
साध्वी अमृता भारती का विशेष प्रवचन
कार्यक्रम में साध्वी सुश्री अमृता भारती महिलाओं को नवरात्र पर्व के आध्यात्मिक पक्षों पर विस्तृत चर्चा के माध्यम से जागरूक करेंगी। वे बताएंगी कि नवरात्र केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आत्मबल, आत्मसंयम और नारी शक्ति के जागरण का पर्व है।
आमंत्रण
संस्थान ने क्षेत्र की सभी महिलाओं से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन महिलाओं को अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानने और समाज में सशक्त भूमिका निभाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।























