नजरिया न्यूज़, अररिया/बिहार।
अररिया जिले के आरएस थाना क्षेत्र के मटियारी वार्ड संख्या एक में देर रात आपसी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बताया जाता है कि विवाद में एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के 14 लोगों पर तेजाब फेंक दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना में एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग घायलों को आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां सभी का इलाज जारी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ सुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार और आरएस थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। घटना के बाद पूरा क्षेत्र दहशत के माहौल में है और गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और स्थिति पर पूरी नजर रखी जा रही है।





















