नजरिया न्यूज़, नई दिल्ली। रंजीत गुप्ता।
आखिल भारतवर्षीय खरगवंशी (खरवार) क्षत्रिय महासभा के तत्वाधान में बुधवार को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन जंतर मंतर, नई दिल्ली में भव्य समारोह के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर समाज के विभिन्न प्रांतों से आए लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हुआ। इस दौरान जगत गुरु शंकराचार्य त्रिकाल भवंता सरस्वती जी महाराज एवं महामण्डलेश्वर सहित अनेक आचार्यों ने विशेष अनुष्ठान कर देश और प्रधानमंत्री के कल्याण हेतु आशीर्वाद दिया। मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष और देश के विकास में उनके योगदान पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मोदी जी ने राष्ट्र निर्माण की दिशा में अद्वितीय कार्य कर भारत की प्रतिष्ठा को वैश्विक स्तर पर स्थापित किया है।
समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हुआ, जिसमें कलाकारों ने देशभक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। साथ ही, खरगवंशी समाज की एकता एवं जागरूकता पर भी विस्तृत संबोधन दिया गया। आयोजन में समाज के विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और बढ़ गई।
“करणार वेलफेयर सोसाइटी” केन्द्रीय और दिल्ली प्रदेश की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने एक स्वर से प्रधानमंत्री के नेतृत्व को देश की शक्ति और गौरव बताया। जंतर मंतर का वातावरण देशभक्ति और उत्साह से गूंज उठा।
इस भव्य आयोजन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन को ऐतिहासिक बना दिया।




















