नजरिया न्यूज़, अररिया।
सीमांचल की धरती सोमवार को ऐतिहासिक क्षणों की साक्षी बनी जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्णिया से एक साथ अनेक विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास किया। इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, अररिया के सांसद प्रदीप सिंह सहित हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।
प्रधानमंत्री ने 36,000 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं का लोकार्पण किया जिसमें बिजली, रेलवे, पूर्णिया एयरपोर्ट, आवासन, शहरी विकास, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, कृषि, पशुपालन एवं डेयरी से जुड़ी परियोजनाएँ शामिल रहीं। इन योजनाओं से न केवल सीमांचल बल्कि पूरे बिहार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
रेलवे क्षेत्र में नई सौगातें
अररिया को रेलवे के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि मिली। प्रधानमंत्री ने जोगबनी से पटना वंदे भारत एक्सप्रेस और जोगबनी से इरोड अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत की। साथ ही अररिया–गलगलिया नई रेल लाइन पर परिचालन का उद्घाटन भी किया गया। सांसद प्रदीप सिंह ने स्वयं ट्रेन से यात्रा कर लोगों से संवाद किया। जगह-जगह ‘मोदी जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल गूंजता रहा। इन रेल सेवाओं से यात्रियों को तेज, आरामदायक और सुरक्षित सफर का लाभ मिलेगा।
पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सफर का सपना पूरा
पूर्णिया एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ान सेवा की शुरुआत सीमांचल के लोगों के लिए वरदान साबित होगी। अब यात्रियों को पटना या बागडोगरा जाने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे समय और धन की बचत होगी और व्यापार एवं पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी।
मखाना उद्योग को राष्ट्रीय मंच
प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की भी स्थापना की। सीमांचल और मिथिला क्षेत्र मखाना उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है। इस बोर्ड के गठन से किसानों को उचित मूल्य मिलेगा, निर्यात को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
भाजपा नेताओं का आभार
कार्यक्रम की सफलता पर भाजपा नेताओं ने जनता का आभार जताया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कहा कि सीमांचल की जनता ने अभूतपूर्व उत्साह से प्रधानमंत्री का स्वागत किया है। सांसद प्रदीप सिंह ने विश्वास जताया कि ये सौगातें क्षेत्र को आत्मनिर्भर और विकसित बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।





















