बुनियादी व्यवस्था ध्वस्त, नगरवासी त्रस्त
भरगामा मोड़ से बंगाली टोला जाने वाली सड़क पर जलजमाव
अस्पताल चौक से साईनगर जाने वाली सड़क पर थगुना भर पानी
आदित्य दत्ता, नजरिया न्यूज़, रानीगंज
रानीगंज नगर पंचायत इन दिनों जलजमाव की समस्या से कराह रहा है। बारिश की हल्की बूंदाबांदी भी पूरे नगर को तालाब में तब्दील कर देती है। हालात इतने खराब हैं कि कई घरों के दरवाजे तक पानी पहुंच गया है।
सबसे प्रभावित इलाके
बंगाली टोला जाने वाली सड़क, गुदरी बाजार से पुरानी हाट जाने वाला रास्ता, लालू नगर-सिपाही टोला मार्ग, अंसारी टोला की सड़क और अस्पताल चौक से साई नगर जाने वाली सड़क—ये सभी जगहें इस समय पानी-पानी हैं। वहीं भरगामा मोड़ पर भी जल जमाव से राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बीमारी का खतरा
गली-गली में ठहरा पानी अब बीमारी का रूप लेने लगा है। मच्छरों का प्रकोप तेज हो चुका है और डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा सिर पर मंडरा रहा है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि गंदे पानी में चलना खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
स्थानीय लोगों की व्यथा
स्थानीय निवासी बिट्टन झा और अमरजीत बैठा का कहना है,
“यहां निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। हल्की सी बारिश में भी सड़कें तालाब बन जाती हैं और लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं। कभी-कभी पंपसेट से पानी निकाला जाता है, लेकिन वह सिर्फ अस्थायी समाधान है।”

नगर पंचायत का दावा
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि समान बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पारित हुआ है“टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही नाले का निर्माण कराया जाएगा। तब जाकर स्थायी समाधान संभव होगा।”फिलहाल, नगरवासियों की यही मांग है कि कागजों पर नहीं, जमीन पर काम हो, वरना बारिश का मौसम हर बार इन्हें इसी तरह की परेशानी झेलने को मजबूर करेगा।





















