नजरिया न्यूज़, अररिया।
डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन एसोसिएशन (डीबीए) अररिया के पदाधिकारियों का चयन निर्विरोध रूप से कर लिया गया है। चयन प्रक्रिया नवरत्न चौक स्थित ग्लोबल आवासीय होटल में आयोजित बैठक के दौरान पूरी की गई। बैठक की अध्यक्षता सत्येंद्र नाथ शरण ने की और चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी अधिवक्ता चंदन कुमार सिंह को दी गई।
निर्विरोध संपन्न हुए इस चुनाव में गौतम कुमार साह को अध्यक्ष, आमिर निजामी और सूरज जायसवाल को उपाध्यक्ष, आदर्श कांत को सचिव, रवि भगत और राकेश कुमार को उप सचिव तथा जयंत चंद्रा को कोषाध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में सुमित कुमार सुमन, सागिब शमीम, संतोष जायसवाल, आनंद रंजन, राहुल सिंह, प्रदीप कुमार झा, अशीन दास गुप्ता, मिंटू सिंह और पीयूष लाठ का चयन किया गया।
चुनाव संपन्न होने के बाद संघ के सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों ने फॉर्म पर हस्ताक्षर कर अपनी जिम्मेदारी स्वीकार की। इस मौके पर अध्यक्षता कर रहे सत्येंद्र नाथ शरण ने कहा कि निर्विरोध चयन इस बात का प्रतीक है कि संघ के सभी सदस्य आपसी समन्वय और सहयोग की भावना से आगे बढ़ना चाहते हैं।
नवमनोनीत अध्यक्ष गौतम कुमार साह ने बताया कि बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के निर्देशानुसार बहुत जल्द अररिया जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में जिलास्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। टूर्नामेंट की संभावित तिथि नवंबर या दिसंबर माह में तय की जाएगी।
इस प्रतियोगिता का उद्देश्य न केवल जिले के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना होगा, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी किया जाएगा। इससे जिले के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने नए नेतृत्व का स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। खिलाड़ियों ने कहा कि डीबीए के सक्रिय होने से उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलेगा। पदाधिकारियों के चयन के बाद जिले भर में बैडमिंटन प्रेमियों और खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
अररिया में बैडमिंटन खेल को नई दिशा देने की तैयारी अब जोर-शोर से शुरू हो गई है, और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि जल्द ही जिले से भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलकर सामने आएंगे।





















