नजरिया न्यूज़, अररिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पूर्णिया की भव्य सभा से अररिया सहित पूरे सीमांचल को ऐतिहासिक सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने अररिया-गलगलिया नई रेल परियोजना का विधिवत उद्घाटन कर दिया। उद्घाटन की खबर मिलते ही अररिया कोर्ट स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ी और लोगों ने “भारत माता की जय”, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “सांसद प्रदीप सिंह जिंदाबाद” के नारों से वातावरण गूंजा दिया।
बताते चलें कि अररिया-गलगलिया रेल लाइन करीब 111 किलोमीटर लंबी है और इसके बन जाने से नेपाल सीमा से सटे सुदूरवर्ती गाँव भी अब मुख्य रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएंगे। इससे न केवल सीमांचल के लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी बल्कि व्यापार और पर्यटन को भी नया आयाम मिलेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने फारबिसगंज से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन जोगबनी से दानापुर तक चलेगी, जिससे सीमांचल से पटना तक की दूरी और समय दोनों में कमी आएगी।
इसके साथ ही उन्होंने नेपाल सीमा के जोगबनी से तमिलनाडु के इरोड तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन उत्तर और दक्षिण भारत को सीधे जोड़ने का कार्य करेगी।
यही नहीं, प्रधानमंत्री ने कटिहार-सिलीगुड़ी रूट पर चलने वाली नई ट्रेन को भी अररिया कोर्ट, गलगलिया होते हुए रवाना किया। इससे उत्तर बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत के बीच आवागमन और सुगम हो जाएगा।
इस मौके पर अररिया की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद प्रदीप कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना था कि यह परियोजनाएँ सीमांचल के आर्थिक विकास और रोज़गार के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेंगी। वहीं स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री के इन उपहारों से अररिया सहित पूरे सीमांचल की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है। रेल संपर्क बढ़ने से जहाँ उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं नेपाल के साथ व्यापारिक गतिविधियाँ भी और मज़बूत होंगी।





















