नजरिया न्यूज़, जोगबनी (अररिया)। भारत-नेपाल सीमा से सटे जोगबनी शहर सोमवार को ऐतिहासिक पल का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस और जोगबनी-इरोड अमृत भारत एक्सप्रेस सहित कई नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही कटिहार-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस और सहरसा-छेहरटा अमृत भारत एक्सप्रेस का भी शुभारंभ हुआ।
प्रधानमंत्री ने इन ट्रेनों को रिमोट से हरी झंडी दिखाकर विकास की नई राह पर सिमांचल को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। मौके पर जोगबनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर विशेष मंच बनाया गया था, जहां हजारों लोग इस ऐतिहासिक घड़ी के साक्षी बने। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने कड़ी चौकसी बरती थी।
कार्यक्रम को और खास बनाया जेनिथ पब्लिक स्कूल के बच्चों ने, जिन्होंने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित दर्शकों का दिल जीत लिया। वहीं, पूर्णिया समेत दस स्थानों पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया, जहां भारी संख्या में स्थानीय लोग जुटे।
जदयू जिला महासचिव रितेश वर्मा ने कहा कि इस ट्रेन सेवा से सीमांचल को नई पहचान मिलेगी और यहां के लोगों को राजधानी और अन्य महानगरों से बेहतर संपर्क मिलेगा। उन्होंने इसे सीमांचल के लिए बड़ी सौगात करार दिया।
जोगबनी नगर परिषद की मुख्य पार्षद रानी देवी, उपमुख्य पार्षद अनीता देवी और भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रोहित यादव ने भी कार्यक्रम में शामिल होकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि ट्रेन और हवाई सेवाओं के विस्तार से न केवल सीमांचल बल्कि पड़ोसी देश नेपाल के नागरिकों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी जैसे कटिहार डीसीएम, एडीआरएम, एसीएमएस, सीनियर डीएसओ, आरपीएफ प्रभारी अनूप तिवारी, आरपीएफ अधिकारी संजय सिंह सहित अन्य मौजूद रहे। स्थानीय समाजसेवी और जनप्रतिनिधि जैसे खुर्शीद खान उर्फ पप्पू, भानु प्रकाश राय, संजीव दास, राहुल चौधरी, अरविंद साह और राजनंदन यादव ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
जोगबनी से इन नई रेल सेवाओं की शुरुआत ने सीमांचल क्षेत्र को एक नई दिशा दी है। अब यहां के लोगों को यात्रा और व्यापार दोनों में सहूलियत मिलेगी। साथ ही नेपाल से आने-जाने वाले यात्रियों को भी रेल संपर्क का लाभ मिलेगा।





















