प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 15 सितंबर 2025 को पूर्णिया आगमन को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के साथ ही यातायात में बड़े बदलाव किए गए हैं। अररिया प्रशासन की ओर से जारी सूचना के अनुसार पूर्णिया पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है।
एडवाइजरी के मुताबिक 14 सितंबर 2025 की संध्या से लेकर 15 सितंबर 2025 की रात्रि 10 बजे तक एनएच-27 एवं एनएच-327ई मार्गों से पूर्णिया की ओर जाने वाले सभी छोटे और बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों को मुख्य मार्गों से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय तक वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बताया गया है कि प्रधानमंत्री मोदी पूर्णिया में आयोजित सभा और कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इस दौरान वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर सुरक्षा कारणों से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस के जवान विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देते रहेंगे।
अररिया प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री के स्वागत एवं कार्यक्रम की सफलता के लिए आमजन का सहयोग आवश्यक है। यातायात व्यवस्था में इस बदलाव से कुछ असुविधा हो सकती है, लेकिन सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाना जरूरी है।



















