नजरिया न्यूज़, अररिया।
बिहार के हर गांव और पंचायत में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से विशेष राजस्व महा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। ग्रामीण स्तर पर भूमि से जुड़े सुधार और आवेदन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए CSC ऑपरेटर दिन-रात काम कर रहे हैं।
नरपतगंज प्रखंड में इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन हर दो पंचायतों से हजारों लोगों के आवेदन लिए जा रहे हैं। CSC के नरपतगंज प्रखंड पर्यवेक्षक प्रवीण कुमार भारती ने बताया कि प्रखंड में कुल 45 ऑपरेटर कार्यरत हैं। इनके माध्यम से न सिर्फ अभियान की गति तेज हुई है बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिला है।
भारती ने बताया कि इस महा अभियान के जरिए नरपतगंज प्रखंड के कुल 45 युवक-युवतियों को रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ है। ये सभी CSC केंद्रों के जरिए लोगों के आवेदन दर्ज कर रहे हैं। सोमवार को नरपतगंज के ब्लॉक परिसर में ही कुल 636 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 498 सुधार हेतु, 123 नया ऑनलाइन पंजीकरण हेतु और 15 बटवारा हेतु आवेदन शामिल थे। वहीं, नाथपुर पंचायत में कुल 524 आवेदन दर्ज हुए, जिनमें 452 सुधार, 54 नया ऑनलाइन और 20 बटवारा से संबंधित थे।
इस अभियान के चलते आम ग्रामीणों को राजस्व और भूमि सुधार संबंधी कार्यों के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। लोग अब अपने पंचायत स्तर पर ही आवेदन देकर कार्य संपन्न करा पा रहे हैं। यह न केवल पारदर्शिता ला रहा है बल्कि लोगों की समय और धन की भी बचत कर रहा है।
गौरतलब है कि यह विशेष राजस्व महा अभियान 20 सितम्बर तक चलाया जाएगा। विभाग का दावा है कि अभियान की अवधि में प्रत्येक पंचायत से अधिकतम संख्या में आवेदन लेकर लोगों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा। प्रशासन और CSC ऑपरेटरों की संयुक्त पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान बड़ी सफलता की ओर बढ़ रहा है।





















