आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
रानीगंज-सरसी मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वाई.एन.पी. कॉलेज से आगे नो-एंट्री चौक के पास हुआ, जहां एक बाइक तेज़ रफ्तार में नो एंट्री में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक बुरी तरह से सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे को गंभीर स्थिति देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मृतक की पहचान
मृत युवक की पहचान नारायण मंडल, ग्राम खपदह डुमरिया, फारबिसगंज निवासी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के गांव व परिजनों में कोहराम मच गया है।गंभीर रूप से घायल
घायल युवक का नाम विद्यानंद मंडल (27 वर्ष), ग्राम परवाहा, फारबिसगंज बताया जा रहा है। उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही रानीगंज थाना के दरोगा सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी शुरू कर दी गई है। वहीं, ट्रक चालक के फरार होने की भी खबर है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।





















