नजरिया न्यूज़, अररिया।
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को लेकर अररिया जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री अनिल कुमार, भा.प्र.से. की अध्यक्षता में आत्मन कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सभी कोषांगों के वरीय प्रभारी, नोडल पदाधिकारी एवं सहायक नोडल पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने जिले में गठित सभी 22 कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों को उनके कार्य एवं दायित्वों से अवगत कराते हुए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक स्तर पर समय से पहले तैयारी सुनिश्चित करनी होगी।
डीएम ने विशेष रूप से कार्मिक डाटाबेस तैयार करने, कर्मियों का प्रशिक्षण समय पर पूरा करने, ईवीएम और वीवीपैट मशीनों का आकलन करने, पर्याप्त संख्या में वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पुलिस बल की तैनाती और ठहराव व्यवस्था पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि एफएसटी और एसएसटी टीमों की तैयारी अभी से पुख्ता कर ली जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना न रहे।
बैठक के दौरान पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी कोषांगों के कार्यान्वयन और प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतदान से जुड़े हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी जाए और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाताओं को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जिसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर श्री अजय कुमार ठाकुर (वरीय प्रभारी निर्वाचन), श्री अनिल कुमार झा (अपर समाहर्ता), श्रीमती रोजी कुमारी (उप विकास आयुक्त), डॉ. राम बाबू कुमार (उप निर्वाचन पदाधिकारी) सहित सभी कोषांगों के नोडल एवं सहायक नोडल पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि जिले के सभी अधिकारियों को अपने-अपने कोषांगों से संबंधित कार्य समय पर पूरा करना होगा ताकि निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। उन्होंने सभी से अपील की कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर स्तर पर पारदर्शिता सुनिश्चित करनी होगी।





















