नजरिया न्यूज़, कटिहार।
कटिहार जिले के कुर्सेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कबीर मठ कोसी पुल के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें आकाशीय बिजली गिरने से तीन चरवाहों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना उस समय घटी जब ग्रामीण अपने मवेशियों को कोसी नदी की धार पर चराने ले गए थे।
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान तीनघड़िया गांव निवासी अखिलेश मंडल, धीरेन्द्र मंडल और गोपी मंडल के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ा और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरी। उसी दौरान तीनों चरवाहे नदी किनारे अपने मवेशियों को चरा रहे थे। अचानक गिरी बिजली की चपेट में आने से वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग मौके की ओर दौड़े। लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी।
स्थानीय निवासी पप्पू कुमार ने बताया कि, “अचानक गिरी बिजली की चपेट में तीनों चरवाहों की मौत हो गई, जिससे पूरा गांव स्तब्ध है। ऐसा हादसा पहली बार हुआ है, जिससे हर कोई भयभीत है।”
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
गांव के लोग अब भी दहशत में हैं। लगातार हो रही बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल है। विशेषज्ञों का मानना है कि खुले मैदान, खेत और नदी किनारे इस मौसम में लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
इस दर्दनाक हादसे ने न केवल तीन परिवारों को उजाड़ दिया बल्कि पूरे गांव को गहरे शोक में डाल दिया है।






















