नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि बीती रात नगर थाना पुलिस ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में जीरोमाईल क्षेत्र में विशेष नाकेबंदी अभियान चलाया। इस दौरान देर रात करीब तीन बजे पुलिस ने एक अशोक लीलेंड ट्रक (नं. WB41J-2147) को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस टीम भी दंग रह गई, जब चावल की बोरियों के पीछे 280 कार्टून छुपाकर रखे मिले। इन कार्टूनों में कुल 3360 बोतल Blue Time Premium Whisky बरामद की गई। बरामदगी की कुल मात्रा करीब 2520 लीटर बताई जा रही है। इसके साथ ही ट्रक से 650 किलो चावल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के जटकौली घाट निवासी चालक मुकेश राय तथा मुजफ्फरपुर जिले के आनंदपुर भगोलिया निवासी खलासी संतोष कुमार महतो के रूप में की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने शराब तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह की संलिप्तता का खुलासा किया है। पुलिस इनके बयान के आधार पर आगे छापेमारी और गिरफ्तारी की तैयारी कर रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर थाना में अररिया थाना कांड संख्या 367/25 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अंजनी कुमार ने कहा कि जिले में चल रहे शराब तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस जब्त शराब की खेप को पुलिस अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी मान रही है। जिले में सक्रिय तस्करों के नेटवर्क पर यह कार्रवाई बड़ा झटका माना जा रहा है।
एसपी ने प्रेस वार्ता के दौरान पूरी पुलिस टीम की तत्परता की सराहना की और कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस हर स्तर पर सजग और सक्रिय है। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे शराब तस्करों की सूचना गुप्त रूप से पुलिस को दें ताकि ऐसे अवैध कारोबार को पूरी तरह रोका जा सके।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। लोग मान रहे हैं कि पुलिस की सक्रियता से जिले में शराब माफिया के नेटवर्क की कमर टूटेगी। वहीं, यह बरामदगी पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी जा रही है।





















