नजरिया न्यूज़, अररिया।
अररिया आरएस स्थित मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल के विशाल सभागार में आज 5 सितंबर 2025 को शिक्षक दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास के साथ किया गया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय परिवार ने भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को विशेष रूप से मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्रोच्चारण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के निदेशक डॉ. संजय प्रधान, प्राचार्य डॉ. पाराशर त्यागी, उपमुख्य पार्षद मनोज भगत, ट्रस्ट के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
समारोह की शुरुआत विद्यालय वंदना और पुष्पांजलि अर्पण से हुई, जहां डॉ. राधाकृष्णन के तेल चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने उनके जीवन, शिक्षा के प्रति समर्पण और आदर्शों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। मंच संचालन का दायित्व श्री राजेश गुप्ता ने निभाया।
इस अवसर पर निदेशक डॉ. संजय प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का आधार स्तंभ होता है, जो न केवल ज्ञान प्रदान करता है, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को संवारने में भी अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका सर्वोपरि है। वहीं, प्राचार्य डॉ. पाराशर त्यागी ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों की जिम्मेदारियों और योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मोहिनी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री रामस्वरूप रुंगटा एवं उपाध्यक्ष श्री महावीर प्रसाद रुंगटा ने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को सही मार्ग दिखाते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नृत्य, गीत और कविताओं की प्रस्तुति देकर वातावरण को उल्लासमय बना दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी शिक्षकों और शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र, कैसरोल सेट, कलम, डायरी और मिठाइयां भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने शिक्षकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। यह आयोजन न केवल शिक्षक-छात्र संबंधों को मजबूत करने का माध्यम बना, बल्कि शिक्षा के महत्व और शिक्षक की गरिमा को भी उजागर किया।





















