आदित्य दत्ता नजरिया न्यूज़ रानीगंज
अररिया जिले के रानीगंज-सरसी मुख्य मार्ग पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में ठेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि हादसा वाई एन पी कॉलेज के निकट ढाबा के पास बाइक और ठेला की जोरदार भिड़ंत से हुआ हादसे में रानीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 निवासी कैलाश चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई।
कैलाश ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं बाइक पर सवार घायल युवक पूर्णिया जिले के चंपानगर थाना क्षेत्र के प्रसादपुर वार्ड संख्या 7 के रहने वाले बताए गए हैं। इनमें सुनील ऋषिदेव और बब्लू कुमार शामिल हैं।हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सभी घायलों को आनन-फानन में रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कैलाश चौधरी को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और घायल युवकों से मारपीट करने की कोशिश की।सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
वहीं मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मनोज पासवान, वार्ड पार्षद सुमन झा, राजद के पूर्व प्रत्याशी अविनाश मंगलम समेत कई स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। वहीं परिजनों के द्वारा एंबुलेंस की मांग को लेकर कुछ देर के लिए अस्पताल में हंगामा भी हुआ





















