नजरिया न्यूज़, बयूरो रिपोर्ट, मुंबई।
मुंबई के प्रसिद्ध लालबाग के राजा गणपति दरबार में आज डॉ. शकील सैफ़ी, चेयरमैन वर्ल्ड पीस हार्मनी एवं सीईओ सैफ़ी हॉस्पिटल्स, ने दर्शन कर देश में अमन, सौहार्द और भाईचारे की दुआ की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गणपति बप्पा देश की अखंडता, शांति और प्रगति के प्रतीक हैं। उनके चरणों में जाकर प्रार्थना करना केवल धार्मिक आस्था नहीं बल्कि समाज में एकता और सद्भावना का संदेश देना भी है।
लालबाग के राजा के गणपति पंडाल में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। डॉ. सैफ़ी ने भी श्रद्धालुओं के बीच खड़े होकर बप्पा के दर्शन किए और देशवासियों की खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा हुआ देश है, यहाँ सभी धर्म, संप्रदाय और जातियाँ मिलकर भाईचारे का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। ऐसे में समाज में शांति और एकता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्ल्ड पीस हार्मनी संस्था लगातार देश और विदेश में शांति एवं सद्भावना का संदेश फैलाने का काम कर रही है। सैफ़ी हॉस्पिटल्स के माध्यम से भी वे गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा कर समाज को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।
गणेशोत्सव के अवसर पर उनके इस दौरे ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह भर दिया। लोग उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ फोटो खिंचवाते नजर आए। डॉ. शकील सैफ़ी ने बप्पा से प्रार्थना की कि भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में अमन-चैन कायम रहे और लोग एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर तरक्की करें।






















