नजरिया न्यूज़, अररिया।
शहर के हनुमंत नगर वार्ड संख्या 15 में अवैध निर्माण को लेकर दो पड़ोसियों के बीच विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले में पीड़ित भू मालिक सीमा देवी, पति स्वर्गीय मनीष कुमार सिंह ने नगर थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
आवेदन में सीमा देवी ने बताया है कि वार्ड संख्या 15 स्थित खाता संख्या 532 व खेसरा संख्या 8135 में कुल 17 डिसमिल जमीन उनकी सासु माँ के नाम से जमाबंदी दर्ज है। पीड़िता का आरोप है कि उक्त जमीन पर उनके पड़ोसी ने दक्षिणी हिस्से से लगभग डेढ़ फीट अन्दर घुसकर अवैध निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इस निर्माण से उनकी जमीन का अतिक्रमण हो रहा है और भविष्य में गंभीर विवाद खड़ा हो सकता है।
पीड़िता ने बताया कि उन्होंने कई बार आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद पड़ोसी ने निर्माण कार्य रोकने के बजाय और तेज गति से उसे आगे बढ़ाया। थक हारकर उन्होंने अब नगर थाना का दरवाजा खटखटाया है और न्याय की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के अवैध निर्माण से आए दिन मोहल्लों में तनाव की स्थिति बनती है। यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप नहीं करता तो विवाद गंभीर रूप ले सकता है।
नगर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने प्रशासन से आग्रह किया है कि उनकी जमीन की मापी कराकर अवैध निर्माण को रोका जाए, ताकि भविष्य में किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
इस प्रकरण से एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि शहर में जमीन विवाद और अवैध निर्माण पर रोक लगाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम कब उठाए जाएंगे।





















