नजरिया न्यूज़ आदित्य दत्ता
रानीगंज: रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के हादसा डाक बंगला स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में एनडीए का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में भारी संख्या में एनडीए कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने पूरे परिसर को जनसैलाब में बदल दिया। सम्मेलन में कई मंत्री, सांसद एवं विधायक मंच पर मौजूद रहे।सभा को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार ने लंबे समय तक जंगलराज का दौर देखा है, जब सड़क, बिजली और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का कोई नामोनिशान नहीं था। लेकिन नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए सरकार ने बिहार में विकास का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा कि आज हर गांव-गांव तक सड़कें पहुंची हैं, शिक्षा का स्तर बेहतर हुआ है,
स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार हुआ है और सामाजिक न्याय को मजबूती मिली है।अररिया के भाजपा सांसद प्रदीप सिंह ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अररिया से रानीगंज की दूरी तय करने में दो घंटे लगते थे, लेकिन अब वही दूरी आधे घंटे में पूरी हो जाती है। उन्होंने कहा कि अररिया से पटना की यात्रा अब महज 5 घंटे में पूरी हो जाती है। कभी अररिया से रानीगंज के मार्ग में लकड़ी का पुल हुआ करता था, जो हर साल बाढ़ में बह जाता था, लेकिन एनडीए सरकार ने इसे पक्का पुल और सड़क से जोड़कर लोगों की जिंदगी आसान बना दी। उन्होंने कहा कि अररिया से सुपौल तक रेलमार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर चल रहा है, जिससे विकास की गति और तेज होगी। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा को ‘सुपर फ्लॉप’ बताते हुए विपक्ष पर करारा निशाना साधा और कहा कि बिहार की जनता केवल काम और विकास को देखती है, न कि झूठे वादों को।वहीं, रानीगंज के जदयू विधायक अचमित ऋषिदेव ने भावुक अंदाज में कहा कि “मैं कोई नेता नहीं, बल्कि रानीगंज का बेटा हूं। मेरे लिए यहां की जनता ही सबसे बड़ी ताकत है। माननीय नीतीश कुमार के नेतृत्व में जिस तरह से विकास कार्य हुए हैं, वही हमारी पहचान है।
सड़क, पुल, स्वास्थ्य केंद्र और शिक्षा संस्थानों के माध्यम से गांव-गांव में बदलाव दिखाई देता है।”मंच संचालन भाजपा के जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने किया, जदयू जिला अध्यक्ष आशीष पटेल, भाजपा महामंत्री कृष्ण कुमार सेनानी, आकाश राज, पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सुराना, जदयू प्रखंड अध्यक्ष राजू मंडल, जदयू नेत्री संचित मंडल, पूर्व विधायक पद्म पराग राय वेणु, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अजय झा, जदयू नेता मिथिलेश ऋषिदेव, सुमन झा, धर्मेंद्र पूर्वें मंटू, मयानंद सिंह, धीरेश राय, रोशन पुर्वें राणावत, युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस प्रियांशु, सन्नी झा सहित अनेक कार्यकर्ता और नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।सम्मेलन के अंत में नेताओं ने एक स्वर से कहा कि आने वाले चुनाव में रानीगंज विधानसभा सहित पूरे बिहार की जनता विकास और सुशासन के नाम पर एनडीए को भारी समर्थन देगी। वही एनडीए के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन से राजनीति हलचल तेज हो गई है






















