नजरिया न्यूज़, उत्तर प्रदेश। संवाददाता – रंजीत गुप्ता।
उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण ने वाराणसी कमिश्नरेट की रिजर्व पुलिस लाइन में नवनियुक्त आरक्षियों के चल रहे ज्वाइनिंग ट्रेनिंग कोर्स (JTC) के तहत प्रशिक्षण केंद्र, बैरक, मेस आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और प्रशिक्षुओं से भी संवाद कर उनकी आवश्यकताओं को समझा।
निरीक्षण के दौरान श्री कृष्ण ने प्रशिक्षण व्यवस्था की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रशिक्षुओं के सर्वांगीण विकास के लिए उत्तम वातावरण और संसाधन सुनिश्चित किए जाएं।
इस अवसर पर उन्होंने पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय सुल्तानपुर और जनपद अमेठी का भी दौरा किया, जहां उन्होंने मीटिंग के माध्यम से ट्रेनिंग से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण ही भविष्य के कर्तव्यनिष्ठ और सक्षम पुलिसकर्मी तैयार करेगा।
डीजीपी का यह दौरा प्रशिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता और गुणवत्ता लाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।