– वादों के निपटारा के लिए 16 बैंच बनाया गया
नज़रिया न्यूज़ (रूबी बिनीत), अररिया।
न्यायमण्डल अररिया के प्रांगण में आगामी 10 मई को होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक सुलहनीय वादों के निपटारा के लिए सर्वाधिक सोलह (16) पीठों का गठन किया गया है.
यह गठन प्रधान जिला व सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष गुंजन पाण्डे के निर्देश पर किया गया है.
इन पीठों में सुलहनीय प्रकृति के मामलो का निपटारा पक्षकारों की मौजूदगी में सुलह-समझौतों के आधार पर किया जायेगा.
विशेष जानकारी देते हुए अवर न्यायधीश सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष का यह दूसरा राष्ट्रीय लोक अदालत है. इस बार अधिक-से-अधिक सुलहनीय प्रकृति के वादों के निष्पादन का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने बतलाया कि इस हेतु चिह्नित वादों में पक्षकारों को नोटिस निर्गत कर उन्हें सूचित किया जा चुका है. बैंकों के भी मामलों में पक्षकारों को सूचना दी गई है. पक्षकारों के सहयोग हेतु सहायता केन्द्र में पारा विधिक स्वयं सेवक उपस्थित रहेंगें. डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने पक्षकारों से अपने सुलहनीय मामलों का निष्पादन कर राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने हेतु अनुरोध किया. बतलाया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता की तैयारी जोरों पर की गई है.
कोर्ट परिसर में आज रहेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर
राष्ट्रीय लोक अदालत शिविर के जिले के सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले आमजनों के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगायी जायेगी.
यह जानकारी जिला जज गूँजन पांडेय के हवाले से अवर न्यायधीश सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने देते हुए बतलाया कि सिविल सर्जन अररिया के द्वारा स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक दवाओं के साथ व्यवहार न्यायालय अररिया के प्रागण में उपस्थित रहने हेतु आवश्यक निर्देश दिये गये हैं.
बतलाया गया कि इस स्वास्थ्य जांच शिविर में सदर अस्पताल के साथ-साथ बुनियाद केन्द्र की भी हिस्सेदारी रहेगी. जहां लोग राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों का निपटारा सुलह समझौते के आधार पर करेंगें. वहीं आमजन इस निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में भी अपने स्वस्थ्य का जांच करवा कर आवश्यक दवा ले सकेंगें. डीएलएसए सेक्रेटरी श्री श्रीवास्तव ने बतलाया कि यह इस तरह का पहला आयोजन है जहां लोग विवादों के साथ-साथ लोग अपने स्वस्थ्य संबंधी समस्याओं से भी निजात पायेंगें. उन्होंने लोगों से इसका लाभ उठाने का अनुरोध किया है.




















