– अनुमण्डलीय अस्पताल बगहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतन के प्रमाणीकरण की जगी उम्मीद
– लेबर रुम, ओटी, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेन्ट आदि का हुआ निरिक्षण
बेतिया। 09 मई
राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देशानुसार जिले के स्वास्थ्य
संस्थानों का लक्ष्य प्रमाणीकरण क़ो लेकर राज्यस्तरीय टीम के द्वारा आंतरिक मूल्यांकन किया गया। इसको लेकर अनुमण्डलीय अस्पताल बगहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौतन का निरीक्षण राज्य एवं जिले के पदाधिकारियों के द्वारा किया गया। स्टेट लेवल टीम में डॉ सामंत मनीष देव, डॉ नीलू विश्वकर्मा, जिला से डॉ आलोक कुमार, बगहा अनुमण्डलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ ए के तिवारी उपस्थित थे। मौके पर जिला स्वास्थ्य समिति के डॉ आलोक कुमार ने कहा की जिले के संस्थानों के प्रमाणीकरण क़ो लेकर उम्मीद जगी है। लक्ष्य प्रमाणीकरण प्राप्त हो सकता है। इसक़ो लेकर अस्पताल प्रशासन प्रयासरत है। अस्पताल में उपलब्ध प्रसव संबंधी सेवाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ ए के तिवारी ने कहा की प्रसव गृह से संबंधित दस्तावेजों, लेबर रुम, ओटी, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेन्ट आदि की पड़ताल की गई साथ ही अस्पताल के कर्मियों, मरीजों से ईलाज संबंधित महत्वपूर्ण पहलूओं पर विस्तृत चर्चा हुई। निरीक्षण व मूल्याकंन के पश्चात राज्यस्तरीय टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आये। उन्होंने बताया की अस्पताल के माध्यम से प्रसव संबंधी गुणवत्तापूर्ण सेवाएं लोगों को उपलब्ध करायी जाती है। जच्चा-बच्चा का भी बेहतर देखभाल होता है।
लक्ष्य प्रमाणीकरण के लिए इन मानकों का होना आवश्यक है:
जिला स्वास्थ्य समिति के डॉ आलोक कुमार ने कहा की मुख्यत: सर्विस प्रोविजन, रोगी का अधिकार, सपोर्ट सर्विसेज, क्लिनिकल सर्विसेज, इंफेक्शन कंट्रोल, क्वालिटी मैनेजमेंट, प्रसव कक्ष व ओटी में तमाम तरह के जरूरी संसाधन व दवाओं की उपलब्धता की मॉनिटरिग जिला स्तरीय टीम व क्षेत्रीय टीम द्वारा कराया जाता है। टीम के सदस्यों ने बताया कि लक्ष्य प्रमाणीकरण का मूल उद्देश्य प्रसव संबंधी सेवाओं को बेहतर बनाना है और इससे जुड़ी सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाना है। मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, डिलीवरी के दौरान व इसके तत्काल बाद जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य देखभाल के लिहाज से लक्ष्य प्रमाणीकरण का विशेष महत्व है। इसके माध्यम से प्रसव कक्ष, मैटरनिटी ऑपरेशन थियेटर व प्रसूता के लिये बने विशेष देखभाल इकाई की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। लक्ष्य कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा प्रसव कक्ष व मैटरनिटी ओटी के लिये प्रमाणीकरण की व्यवस्था की गयी है जो मानक स्तर पर प्रसव संबंधी तमाम तरह की सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद ही दी जाती है।



















